गोलूवाला। भारत की जनवादी नौजवान सभा तहसील कमेटी गोलूवाला ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए अधिशाषी अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने पालिका में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों के अधिकारों के हनन और अन्य कर्मचारियों के आर्थिक व मानसिक शोषण का आरोप लगाते हुए प्रशासन को 7 दिन के भीतर ठोस कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। ज्ञापन में डीवाईएफआई पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका के कुछ प्रभावशाली लोग सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों से अपने निजी घरेलू कार्य करवा रहे हैं। संगठन ने इसे सरकारी कर्मचारियों के श्रम का खुला शोषण बताते हुए कहा कि सरकारी वेतन पाने वाले कर्मचारियों से निजी सेवा करवाना कानूनन अपराध है। संगठन ने प्रशासन से इस प्रकार की बेगार को तुरंत बंद कराने की मांग की। संगठन ने पालिका में कार्यरत दिव्यांग कर्मचारियों की स्थिति पर भी चिंता जताई। डीवाईएफआई ने कहा कि दिव्यांग कर्मचारियों से उनकी शारीरिक क्षमता से अधिक भारी कार्य करवाया जा रहा है, जो उनके अधिकारों का उल्लंघन है। संगठन की मांग है कि दिव्यांग कर्मचारियों को केवल कार्यालय के अंदर के कार्य (इनडोर या डेस्क वर्क) ही दिए जाएं ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण में काम कर सकें। इसके साथ ही क्षेत्र के योग्य दिव्यांग युवाओं को रिक्त पदों पर प्राथमिकता के आधार पर नियुक्त करने की भी मांग उठाई गई। इसके अलावा संगठन ने कर्मचारियों की सुरक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों को भी उठाया। ज्ञापन में कहा गया कि फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों को अब तक आधिकारिक पहचान पत्र (आईडी कार्ड), यूनिफॉर्म, मास्क, जूते और दस्ताने जैसे जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। बिना सुरक्षा उपकरणों के कार्य करवाना कर्मचारियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के साथ सीधा खिलवाड़ है। इस मौके पर डीवाईएफआई के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 7 दिनों के भीतर इन मांगों पर लिखित आदेश जारी नहीं किए गए, तो संगठन नगर पालिका के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन धरना और तालाबंदी करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस दौरान भारत की जनवादी नौजवान सभा उप तहसील कमेटी गोलूवाला के अध्यक्ष रामपाल नायक के नेतृत्व में विजय कसवां, बाबू सिंह, लालचंद मीमांणी, देवीलाल, अनिल, अंकुश, विकास, रामकरण, रमेश महायच, मनोज कुमार, मोहनलाल, मांगीलाल और हरदीप सिंह सहित दर्जनों कार्यकर्ता और जागरूक नागरिक मौजूद रहे।
