
हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित कोहला वन क्षेत्र को 100 करोड़ रुपए की लागत से राज्य स्तरीय इको-टूरिज्म स्पॉट के रूप में विकसित करने के लिए बजट घोषणा में शामिल करने की मांग उठी है। इस संबंध में भाजपा नगर मण्डल टाउन के अध्यक्ष नितिन बंसल ने शनिवार को मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किया। नितिन बंसल के अनुसार जिला मुख्यालय पर टाउन के नजदीक सैकड़ों बीघा भूमि में कोहला वन क्षेत्र फैला हुआ है। यह वन क्षेत्र होने के साथ-साथ बहुत सी दुर्लभ प्रजातियों के जीव-जंतुओं का बसेरा भी है। यहां बड़ी संख्या में हिरण, नील गाय, जंगली सूअर, गीदड़, लोमड़ी, मोर सहित कई अन्य प्रजाति के जीव-जंतु हैं। बंसल ने बताया कि हनुमानगढ़-किशनगढ़ मेगा हाइवे पर स्थित कोहला वन क्षेत्र को राज्य स्तरीय इको-टूरिज्म स्पॉट के रूप में विकसित करने के लिए पूर्व में भाजपा सरकार की ओर से प्रयास किए गए थे जो कि सत्ता परिवर्तन होने के कारण मूर्त रूप नहीं ले पाए। स्थानीय स्तर पर कोहला वन क्षेत्र को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग काफी समय से चल रही है। इससे न केवल हनुमानगढ़ के लोगों बल्कि बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी प्राकृतिक सौंदर्य और मनोरंजन के लिए नया स्थान मिलेगा और हनुमानगढ़ पर्यटन के क्षेत्र में विकसित हो सकेगा। वहीं कोहला वन क्षेत्र का विकास पर्यावरण संरक्षण में भी सहयोगी सिद्ध होगा। कोहला वन क्षेत्र में होटल, रिसॉर्ट, चिड़ियाघर, साइकिलिंग ट्रैक, वॉच टॉवर, झोंपड़ी, ग्रीन पार्क, हर्बल पार्क, वाकिंग ट्रेक, तालाब सहित अन्य बहुत से पर्यटन संबंधी कार्य किए जा सकते है। नितिन बंसल ने मुख्यमंत्री से मांग की कि हनुमानगढ़ क्षेत्रवासियों की इस मांग को बजट घोषणा में शामिल कर हनुमानगढ़ को पर्यटन के क्षेत्र में विकसित किया जाए।
