
हनुमानगढ़। नगर परिषद के स्ट्रीट वेंडर अध्यक्ष श्रवण वर्मा ने टाउन के वार्ड 38, रूपनगर व प्रेमनगर क्षेत्र की समस्याएं उठाते हुए उनके समाधान की मांग सरकार एवं प्रशासन से की है। इस संबंध में श्रवण वर्मा ने भारतीय जनता पार्टी की ओर से निकाली जा रही रथ यात्रा के दौरान यह पत्र सुझाव पेटी में डाला। साथ ही नगर परिषद आयुक्त को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के जरिए मांग की कि राजकीय विद्यालय प्रेमनगर को क्रमोन्नत कर उच्च माध्यमिक बनाया जाए। सामुदायिक भवन रूपनगर में किराए के नाम पर अवैध किराया वसूला जाता है उसे बंद किया जाए और अस्थाई कमेटी रद्द कर उसकी चाबी नगर परिषद को सौंपी जाए। रामदेव मंदिर के पास अस्थाई पुलिस चौकी बनाई जाए ताकि लूटपाट, चोरी, नशा व असामाजिक तत्वों पर लगाम लगाई जा सके और वार्ड वासी अपने आप को सुरक्षित महसूस कर सकें। वार्ड 38, रूपनगर में तौफिक होमगार्ड के मकान से लेकर अख्तर के मकान तक सड़क, नाली, पुलिया का निर्माण कराया जाए ताकि रोजाना नाली का पानी सड़कों पर इकट्ठा होने की समस्या से निजात मिल सके। वार्ड 38, रूपनगर में नहरी पानी की सप्लाई की जाए। रूपनगर व प्रेमनगर में बढ़ रही निराश्रित पशुओं की समस्या से वार्डवासियों को निजात दिलाई जाए। वार्ड 38, रूपनगर में गली नम्बर 4 में गली के बीच में ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। इससे जान-माल का खतरा बना रहता है। पोल को गली के बीच में से हटाकर किसी उचित स्थान पर लगाने की मांग श्रवण वर्मा ने की।
