– विद्यालय में सम्मान समारोह, प्रतिभाओं का हुआ अभिनंदन
हनुमानगढ़। अजमेर बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 10वीं के परीक्षा परिणाम में इस वर्ष भी पक्कासहारणा स्थित महर्षि दयानन्द सरस्वती सीनियर सकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया। विद्यार्थियों ने न केवल उत्कृष्ट परिणाम दिया, बल्कि राज्य स्तरीय मेरिट लिस्ट और सेंटर टॉपर में भी प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और अभिभावकों का नाम रोशन किया। कक्षा 10 में विद्यालय के छात्र गजानंद पुत्र भीमसेन ने 97.50 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सेंटर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रांगण में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संस्था व्यवस्थापक पृथ्वीराज माली व निदेशक भारमल गोदारा ने विद्यार्थियों व स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अनुशासन, परिश्रम और बेहतर मार्गदर्शन का परिणाम है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कृष्ण बरायच, सोहनलाल गोदारा, बलराम गोदारा तथा पक्कासहारणा सहकारी समिति के उपाध्यक्ष राजाराम गोदारा ने मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को साफा पहनाकर सम्मानित किया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय का यह लगातार उत्कृष्ट परिणाम दर्शाता है कि यहां शिक्षा का स्तर उच्च है और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन मिल रहा है। गजानंद सहित सभी सफल विद्यार्थियों की इस उपलब्धि ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
