हनुमानगढ़। राजस्थान परिवहन निगम के अधिसूचित बस स्टैंडों के आसपास संचालित अवैध व निजी बसों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर रोडवेज कर्मचारियों का आंदोलन तेज होता जा रहा है। श्रीगंगानगर में 6 मार्च से चल रहे आंदोलन को हनुमानगढ़ डिपो के कर्मचारियों ने भी समर्थन देते हुए चेतावनी दी है। शनिवार को राजस्थान रोडवेज के श्रमिक संगठनों के संयुक्त मोर्चा के बैनर तले प्रबंध निदेशक के नाम मुख्य प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा गया। मोर्चा ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो कार्य बहिष्कार, चक्का जाम और हड़ताल जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे। ज्ञापन में बताया गया कि राज्य सरकार के निर्देशों के बावजूद श्रीगंगानगर के केंद्रीय बस स्टैंड से 2 से 5 किलोमीटर की परिधि में संचालित अवैध व निजी बसों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। आरोप है कि बस स्टैंड के मुख्य गेट से ही नियम विरुद्ध लोक परिवहन बसें व निजी वाहन संचालित हो रहे हैं, जिससे रोडवेज निगम की आय व राज्य सरकार के राजस्व को नुकसान हो रहा है। मोर्चा के अनुसार कई बसें बिना परमिट संचालित हो रही हैं, वहीं एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर से कई वाहन चलने जैसे मामले भी सामने आए हैं।

इसके अलावा अवैध रूप से मॉडिफाइड बसें तेज गति से चलाकर यात्रियों की जान जोखिम में डाल रही हैं तथा निर्धारित समय सारिणी की भी अनदेखी की जा रही है। अवैध वाहनों के कारण रोडवेज कर्मचारियों के साथ मारपीट की घटनाएं हो रही हैं। इन मामलों में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। मोर्चा ने यह भी बताया कि बस स्टैंड के आसपास स्थित शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं अवैध वाहनों के जमावड़े से परेशान हैं और लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। स्थानीय व्यापारियों व निवासियों की ओर से भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। संयुक्त मोर्चा के अनुसार श्रीगंगानगर में 6 मार्च से बस स्टैंड और 16 मार्च से जिला कलक्ट्रेट के समक्ष बेमियादी धरना जारी है, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है। मोर्चा ने मांग की है कि बस स्टैंड के आसपास से अवैध बसों को हटाया जाए तथा उनके परमिट, रूट, रजिस्ट्रेशन नंबर और समय सारिणी की सघन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि रोडवेज बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित हो सके। इस मौके पर सीटू यूनियन के प्रांतीय सह सचिव विक्रांत सहारण, एटक सचिव लखवीर सिंह, बीएमएस के गुरलाल सिंह, सेवानिवृत कल्याण समिति के पृथ्वी महला, रिटायरमेंट एसोसिएशन के भूरा सिंह, हेतराम जाखड़, सुनील सियाग, विनोद कुमार मौजूद रहे।
