-कर्मचारियों को छोड़ने गया था चाय कारोबारी, रास्ते में विवाद में चाकू मारकर हत्या
भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन इलाके में मामूली विवाद ने रविवार देर रात खौफनाक रूप ले लिया। एक चाय कारोबारी ने आरोपियों को ‘बेटा’ कहकर समझाने की कोशिश की, लेकिन इसी बात पर गुस्साए बदमाश ने चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। सोमवार सुबह गुस्साए परिजन और स्थानीय लोगों ने सड़क पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस ने समझाइश देकर करीब आधे घंटे बाद जाम खुलवाया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 35 वर्षीय विजय मेवाड़ा के रूप में हुई है, जो सुभाष कॉलोनी का निवासी था। विजय अशोका गार्डन और कोलार इलाके में चाय की दो होटल चलाता था। रविवार देर रात करीब 1:30 बजे वह होटल बंद करने के बाद अपने कर्मचारियों को छोड़ने प्रगति नगर गया था। बताया जा रहा है कि प्रगति नगर में मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम अपने साथियों फरमान, कालू और इमरान के साथ बैठा हुआ था। ये सभी मृतक के कर्मचारियों के पुराने परिचित बताए जा रहे हैं। आरोपियों ने कर्मचारियों को अपने साथ चलने के लिए कहा, लेकिन कर्मचारियों ने सुबह जल्दी काम होने का हवाला देकर मना कर दिया।

इस पर आरोपियों ने कर्मचारियों के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। कर्मचारियों के साथ हो रही अभद्रता देखकर विजय मेवाड़ा ने इसका विरोध किया और आरोपियों को समझाने की कोशिश की। इसी दौरान उसने आसिफ को ‘बेटा’ कहकर शांत रहने को कहा। पुलिस के मुताबिक इसी बात से नाराज होकर आरोपी आसिफ भड़क गया और उसने जेब से चाकू निकालकर विजय के पेट में वार कर दिया। आरोपी के साथियों ने भी विजय के साथ मारपीट की। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल विजय को उसके कर्मचारी और आसपास के लोग तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। सोमवार सुबह मृतक के परिजन और स्थानीय लोग सुभाष कॉलोनी में सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। बाद में पुलिस अधिकारियों की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में जाम समाप्त कराया गया। इसके अलावा मृतक के परिजन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के साथ थाना परिसर में भी प्रदर्शन करते नजर आए। इधर, हमीदिया अस्पताल की मॉर्चुरी के सामने भी मृतक के परिजनों ने हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अशोका गार्डन थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि मामूली विवाद के चलते हत्या की घटना सामने आई है। मामले में तीन संदेहियों को हिरासत में लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
