
हनुमानगढ़। संविदा कार्मिकों ने नियमित नर्सिंग ऑफिसर के 12 हजार एवं महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) के 7 हजार पदों पर नई सीधी भर्ती (मेरिट एवं 10, 20, 30 बोनस अंक) के लिए विज्ञप्ति जारी करने की मांग राज्य सरकार से की है। इस संबंध में संविदा कार्मिकों ने सोमवार को राजस्थान नर्सेज भर्ती संघर्ष समिति के बैनर तले मुख्यमंत्री के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। संघर्ष समिति जिलाध्यक्ष बंशीलाल वर्मा ने बताया कि राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न सरकारी योजनाओं में संविदा-निविदा व अल्पवेतन में हजारों कार्मिक कार्य कर रहे हैं। इनको कार्य करते हुए कई वर्ष बीत गए हैं। इसके कारण वे उम्र के आखिरी पड़ाव पर आ गए हैं। अब यह अत्यंत आवश्यक हो गया है कि पूर्ववत 2013, 2018 एवं 2023 की तर्ज पर व चिकित्सा नियम 1965 के तहत नर्सिंग ऑफिसर के 12 हजार एवं एएनएम के 7000 पदों पर मेरिट एवं बोनस अंकों (10, 20, 30) के आधार पर भर्ती विज्ञापन जल्द जारी किया जाए।

इससे विगत 8-10 वर्षांे से कार्यरत संविदा नर्सेज कार्मिकों के नियमित होने व राजस्थान सरकार का संविदा नर्सेज को नियमित करने का वादा भी पूरा होगा। वर्मा ने बताया कि वर्तमान में संविदा कर्मचारी अत्यंत अल्प वेतन में बंधुआ मजदूर की तरह कार्यरत हैं। इससे वे मानसिक, आर्थिक और सामाजिक रूप से परेशान हैं। उनके हितों व अधिकारों का पूरा ध्यान रखते हुए सर्वप्रथम परिलाभ व प्रोत्साहन रूप में भर्तियों में प्राथमिकता मिलनी चाहिए। संविदा कर्मचारियों ने मांग की कि उनके भविष्य को देखते हुए आगामी नई नियमित भर्ती प्रक्रिया विज्ञप्ति पूर्व की भांति मेरिट और बोनस अंक 10, 20, 30 के आधार पर ही जल्द जारी की जाए। इस मौके पर हरीश कुमार, लालचन्द, धर्मपाल, भोजराज, सन्दीप, जगदीप, सुभाष, नरेन्द्र, गुरप्रीत, राजवीर सहित कई अन्य संविदा कार्मिक मौजूद रहे।
