
हनुमानगढ़। भाखड़ा जल उपयोक्ता संगम, परियोजना अध्यक्षों एवं वितरिका अध्यक्षों ने विधायक हनुमानगढ़ गणेशराज बंसल पर जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता (उत्तर), हनुमानगढ़ के साथ दुर्व्यवहार, दबाव बनाने एवं धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए माननीय मुख्यमंत्री राजस्थान सरकार को जिला कलेक्टर हनुमानगढ़ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा है। संगठनों ने इस मामले में नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई करने तथा सार्वजनिक रूप से माफी की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि जल संसाधन विभाग की आरसीपी कॉलोनी, लखुवाली हैड चक 5 एलके व चक एसटीबी स्थित सिंचाई विभाग की भूमि को मंत्रीमंडलीय आज्ञा 125/2022 दिनांक 17.11.2022 एवं आदेश 12(1) जस/2022 दिनांक 02.12.2022 के तहत पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना निगम (ईआरसीपी) की आय हेतु उपयोग में लेने की स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके पश्चात उक्त भूमि पर किए गए अतिक्रमण हटाने के लिए नियमानुसार अंतिम नोटिस जारी किए गए थे। आरोप है कि दिनांक 25.12.2025 को विधायक हनुमानगढ़ ने दूरभाष पर मुख्य अभियंता पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोकने का नाजायज दबाव बनाया।

मुख्य अभियंता द्वारा सरकारी आदेशों की पालना की बात कहने पर विधायक द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी गई। आरोपों के अनुसार पुनः कॉल कर कार्यालय आकर मारपीट करने जैसी बात कही गई, जिससे विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों में भय का माहौल उत्पन्न हो गया। जल उपयोक्ता संगठनों का कहना है कि सुशासन दिवस के अवसर पर इस प्रकार का आचरण राज्य सरकार की छवि को धूमिल करने वाला है। इससे न केवल अधिकारियों का मनोबल गिरा है, बल्कि आगामी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी बाधा उत्पन्न होने की आशंका है। संगठनों ने यह भी आरोप लगाया कि विधायक द्वारा पूर्व में भी अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जाता रहा है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि उच्च पदस्थ अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो छोटे कर्मचारी व आमजन की सुरक्षा पर भी प्रश्नचिह्न लग जाता है। अतः मुख्यमंत्री से आग्रह किया गया है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक के विरुद्ध संसदीय स्तर पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए तथा मुख्य अभियंता से सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई जाए। ज्ञापन देने वालो में जल उपभोक्ता संघ भाखड़ा नहर के अध्यक्ष आदराम भादू, भाखड़ा प्रोजेक्ट चेयरमैन मनप्रीत सिंह, एसटीजी वितरिका अध्यक्ष रफी मोहम्मद, नूरनबी भाटी, रमेश कुमार, महावीर, गुरदास नूरपुरा, शाहनवाज, सुनील सहित विभिन्न जल उपयोक्ता संगठनों एवं परियोजना समितियों के अध्यक्ष मौजूद थे।
