हनुमानगढ़। वर्ल्ड हेल्थ डे के अवसर पर हनुमानगढ़ स्थित टाइम्स पब्लिक स्कूल में प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को अच्छे स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान छात्रों को अच्छे स्वास्थ्य के महत्व, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में टाइम्स संस्थान के अध्यक्ष डॉ. सागर मल लड्ढा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य ही जीवन का सबसे बड़ा धन है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर और सकारात्मक सोच ही उज्ज्वल और सफल भविष्य की मजबूत नींव रखते हैं। वहीं संस्थान के डायरेक्टर गोपाल किशन लड्ढा ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देते हुए कहा कि यदि छात्र अपनी दिनचर्या में अच्छी और स्वास्थ्यवर्धक आदतों को शामिल करें तो वे शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बन सकते हैं। इस अवसर पर टाइम्स पब्लिक स्कूल की प्राचार्या नेहा शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्राप्त कीं तथा सभी ने स्वस्थ रहने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का संकल्प लिया।
