हनुमानगढ़। क्षेत्र में हाल ही में हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए भाजपा नेता अमित चौधरी ने प्रभावित गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ भोमपुरा और रणजीतपुरा के कृषि क्षेत्रों में जाकर खेतों का निरीक्षण किया तथा खराब हुई फसलों की स्थिति का बारीकी से आकलन किया। दौरे के दौरान किसानों ने ओलावृष्टि से हुए भारी नुकसान की जानकारी दी। अमित चौधरी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर अधिकारियों को बुलाकर जल्द से जल्द सर्वे करवाने और नुकसान की रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा मिल सके। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी किसान को निराश या हताश होने की जरूरत नहीं है। सरकार की ओर से ओलावृष्टि से हुए नुकसान का उचित आकलन कराकर किसानों को पूरा मुआवजा दिलाने के प्रयास किए जाएंगे। अमित चौधरी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से किसानों को राहत दिलाना उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर प्रभावित किसानों को जल्द राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
