जयपुर/करौली। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और किसान की समृद्धि से ही देश का विकास संभव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है तथा सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री बुधवार को करौली जिले के टोडाभीम क्षेत्र के नांगल शेरपुर गांव में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के 24 जिलों में किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है। साथ ही रामजल सेतु लिंक परियोजना से प्रदेश के 17 जिलों के किसानों को सिंचाई और पेयजल के लिए भरपूर पानी मिलेगा।

नांगल शेरपुर में राजकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा
मुख्यमंत्री ने सम्मेलन के दौरान नांगल शेरपुर (तहसील बालघाट) में राजकीय महाविद्यालय खोलने की घोषणा की। इसके अलावा दो महत्वपूर्ण सड़कों—
करीरी–गाजीपुर–भैरोजी से राजौर वाया मेरेडा–खेड़ी जैचड़ी–माचड़ी
पथवारी से घासीराम बाबा आश्रम कदम खुण्डी वाया मातासूला–पाडली खुर्द के निर्माण की भी घोषणा की।
उन्होंने लपावली गांव में एनीकट निर्माण की मांग पर जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए।

आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने का आह्वान
मुख्यमंत्री ने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरकों का उपयोग करने और भूमि की उर्वरता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आईएनजीपी, गंगनहर और सोम-कमला-अम्बा परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण पर भी काम कर रही है।

युवाओं को रोजगार प्रदाता बनने की प्रेरणा
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवा नीति के तहत युवाओं को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध करवा रही है ताकि वे नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि रोजगार देने वाले बनें। उन्होंने कहा कि राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के एमओयू जमीन पर उतरने से लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
किसानों को सम्मान निधि 9 हजार रुपये
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि में राज्य सरकार ने 3 हजार रुपये अतिरिक्त जोड़कर राशि को 9 हजार रुपये प्रतिवर्ष कर दिया है। इसके अलावा गेहूं की एमएसपी खरीद पर बोनस, 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक का ब्याज मुक्त ऋण, बिजली बिलों पर सब्सिडी और दो लाख से अधिक नए कृषि कनेक्शन जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों को सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बनाने के लिए 65 हजार 400 सोलर पंप लगाए गए हैं, जिन पर एक हजार करोड़ रुपये से अधिक का अनुदान दिया गया है।

पशुपालकों के लिए भी योजनाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के तहत 17 लाख से अधिक पशुओं का निशुल्क बीमा किया गया है तथा गांवों में पशुओं के घर पर इलाज के लिए 536 मोबाइल पशु चिकित्सा वाहन संचालित किए जा रहे हैं। वहीं राजस्थान सहकारी गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना के माध्यम से पशुपालक परिवारों को 709 करोड़ रुपये का ब्याज मुक्त ऋण दिया गया है।
करौली के विकास के लिए 2200 करोड़ की घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने करौली जिले के विकास के लिए 2200 करोड़ रुपये से अधिक की बजट घोषणाएं की हैं। कई सड़क और पुल निर्माण परियोजनाओं पर काम शुरू हो चुका है, जिनसे क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी। इस अवसर पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम, विधायक दर्शन सिंह, हंसराज मीणा, विक्रम बंशीवाल, राजेन्द्र मीना, रामविलास मीना सहित जिला प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

