-पाकिस्तान पर गहलोत के बयान को लेकर राठौड़ का हमला, कहा– विपक्ष से भी राष्ट्रभक्ति की उम्मीद
जयपुर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए उन पर पाकिस्तान के प्रति सहानुभूति रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि गहलोत का बयान राष्ट्रहित के खिलाफ है और इससे उनकी “पाकिस्तान भक्ति” झलकती है। जयपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए राठौड़ ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध में पाकिस्तान की मध्यस्थता को लेकर दिए गए गहलोत के बयान की वे निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि यह दुखद है कि एक पूर्व मुख्यमंत्री हमारे विदेश मंत्री के बयान पर माफी मांगने की बात कर रहे हैं। राठौड़ ने कहा कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने पाकिस्तान की मध्यस्थता पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि भारत पाकिस्तान की तरह दलाल देश नहीं है। इस पर गहलोत की प्रतिक्रिया हैरान करने वाली है। उन्होंने सवाल उठाया कि गहलोत की सहानुभूति आखिर किसके साथ है—देश के साथ या पाकिस्तान के साथ। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष से भी राष्ट्रभक्ति की उम्मीद की जाती है, लेकिन गहलोत के बयान से यह भावना नजर नहीं आती। राठौड़ ने इस दौरान राजस्थान रिफाइनरी परियोजना को लेकर भी कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी का लोकार्पण प्रदेश के लिए बड़ा दिन होगा, लेकिन कांग्रेस ने हमेशा राजस्थान के हितों की अनदेखी की। कांग्रेस सरकार ने जब रिफाइनरी के लिए कंपनी बनाई, तब ऐसे निर्णय लिए गए जिससे राज्य को नुकसान हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने केवल शिलान्यास का पत्थर लगाने की जल्दबाजी में कई फैसले किए। वर्ष 2017 में भाजपा सरकार ने शर्तों में बदलाव कर परियोजना को धरातल पर आगे बढ़ाया। इसके बाद कांग्रेस की सरकार आने पर पांच साल तक इस परियोजना पर कोई ठोस काम नहीं हुआ। राठौड़ ने बताया कि कांग्रेस सरकार ने नर्मदा के शुद्ध पेयजल को सांचौर के सिलू पॉइंट से नाचना बांध के जरिए रिफाइनरी को देने का एग्रीमेंट किया था। भाजपा सरकार ने अब प्रस्ताव दिया है कि पाली, बालोतरा और जोधपुर के उपयोग किए गए पानी को ट्रीट कर रिफाइनरी को दिया जाए। उन्होंने कहा कि रिफाइनरी को केवल पानी की जरूरत होती है, शुद्ध पेयजल की नहीं। सरकार ने बजट में इसकी डीपीआर बनाने की घोषणा की है, जिससे रिफाइनरी को ट्रीटेड पानी मिलेगा और आम जनता के लिए शुद्ध पेयजल सुरक्षित रहेगा। राठौड़ ने कहा कि यह विकास और जनता की सेवा की सोच है, लेकिन ऐसी सोच कांग्रेस की कभी नहीं रही।
