हनुमानगढ़। बेमौसम आंधी, तूफान, बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसलों को हुए भारी नुकसान के बाद आम आदमी पार्टी ने प्रभावित किसानों के लिए तत्काल राहत पैकेज जारी करने की मांग की है। इस संबंध में गुरुवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखण्ड अधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। आप जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से जिले सहित पूरे प्रदेश में रबी फसल को व्यापक नुकसान हुआ है। चना, गेहूं, सरसों, जौ, राई, जीरा, धनिया, ईसबगोल, तारामीरा और मैथी जैसी फसलें प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खरीद एजेंसियां न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर फसल खरीदने में नमी, दाने का आकार छोटा होने और गुणवत्ता जैसे कारण बताकर टालमटोल कर रही हैं। इसके चलते किसानों को मजबूरी में अपनी उपज खुले बाजार में कम दामों पर बेचनी पड़ रही है। ज्ञापन में यह भी कहा गया कि गिरदावरी के निर्देश जारी होने के बावजूद लगातार खराब मौसम के कारण कई क्षेत्रों में यह कार्य पूरा नहीं हो पाया है। ऐसे में पार्टी ने मांग की है कि गिरदावरी की प्रक्रिया की प्रतीक्षा किए बिना तुरंत राहत पैकेज जारी किया जाए। साथ ही एमएसपी पर खरीद के मानकों में ढील देते हुए गेहूं की शत-प्रतिशत खरीद सुनिश्चित करने और खरीद पर लगाए गए सभी प्रतिबंध तत्काल हटाने की मांग की गई है, ताकि किसानों को राहत मिल सके। इस दौरान संगठन सचिव राजवीर माली, लीलाधर भाट, गुलशन सोनी, जयपाल स्वामी, सतपाल सोनी, ललित कुमार, मुकेश सेवटा, विजय वर्मा, नरेश कुमार, अजीत झा, करनैल सिंह, गोपाल मेघवाल, सतपाल भाट और साबिर अली सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
