हनुमानगढ़। महापुरुषों की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत डॉ. अंबेडकर नवयुवक संघ की ओर से रविवार को सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थियों ने अपनी बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को तीन वर्गांे में विभाजित किया गया था, जिसमें कक्षा 5 से 8, कक्षा 9 से 12 तथा स्नातक व स्नातक से ऊपर के विद्यार्थी शामिल रहे। सभी प्रतिभागियों ने पूरी तैयारी और आत्मविश्वास के साथ प्रश्नों के उत्तर दिए। आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में सामान्य ज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक परीक्षाओं के लिए प्रेरित करना है। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता का परिणाम 14 अप्रैल को डॉ. अंबेडकर जयंती के मुख्य कार्यक्रम के दौरान घोषित किया जाएगा। यह कार्यक्रम डॉ. अंबेडकर भवन में आयोजित होगा, जिसमें प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रोत्साहन स्वरूप सम्मान दिया जाएगा। संघ अध्यक्ष मनसुखजीत सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में शिक्षा और जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने का आश्वासन दिया, ताकि युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा मिलती रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में संघ महासचिव प्रदीप कड़वा, प्रतियोगिता संयोजक पवन लड़वाल, कोषाध्यक्ष हेतराम परिहार, राजस्थान शिक्षक संघ अंबेडकर प्रदेशाध्यक्ष त्रिलोकी नाथ, महासचिव कृष्ण खन्ना, लाइब्रेरी प्रभारी बहादुर सिंह, संदीप कुमार, शारीरिक शिक्षक खेतपाल बिश्नोई, तहसील अध्यक्ष आनंद प्रकाश, तरसेम पंवार, भवानी और गगनदीप सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।
