टिब्बी। हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी क्षेत्र के गांव मेहरवाला में महात्मा ज्योतिराव फुले की जयंती श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा कैंडल जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक समरसता और जागरूकता के उद्देश्य से किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी रही। कार्यक्रम में आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष रेवन्त राम पंवार ने महात्मा फुले के जीवन और उनके समाज सुधार कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणादायक है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से उनके आदर्शों को अपनाने का आह्वान किया। तहसील अध्यक्ष टिब्बी पूर्ण राम ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा फुले ने दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के अधिकारों के लिए जो योगदान दिया, वह भारतीय समाज के लिए मील का पत्थर है। वहीं, राजा राम अम्बेडकरवादी और मुकेश कुमार मदन अम्बेडकर ने भी अपने विचार रखते हुए सामाजिक एकता और शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने महात्मा फुले के आदर्शों पर चलने और समाज में समानता व भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मिलकर देश और समाज की उन्नति के लिए कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
