ऐलनाबाद। जिला पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण के निर्देशानुसार संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शहर थाना ऐलनाबाद की जेजे कॉलोनी पुलिस चौकी ने डेयरी से गाय चोरी की वारदात का सफलतापूर्वक पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस चौकी प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इंद्रपुरी मोहल्ला, सिरसा निवासी राजेश कुमार पुत्र हीरालाल ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह डेयरी संचालित करता है और गाय पालन करता है। 14 अप्रैल की सुबह करीब 4:30 बजे जब वह डेयरी पहुंचा तो उसने एक सफेद रंग की पिकअप गाड़ी खड़ी देखी। पास जाने पर उसने देखा कि दो युवक उसकी गायों को गाड़ी में चढ़ा रहे थे। उसे देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना शहर सिरसा में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ पशुधन चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गांव धिंगतानिया निवासी सुबे लाल पुत्र मनफूल तथा गांव नटार निवासी सूरज पुत्र इंद्राज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिकअप गाड़ी और चोरी की गई गाय को बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपियों से पूछताछ जारी है, जिससे अन्य पशुधन चोरी की वारदातों के खुलासे की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
संवाददाता- रमेश भार्गव
