हनुमानगढ़। नगर परिषद आयुक्त के निर्देशानुसार ठंडी छाव निशुल्क लंगर सेवा समिति व नगर परिषद के तत्वावधान में स्वच्छ भारत मिशन अभियान के तहत पॉलीथिन मुक्त हनुमानगढ़ अभियान को बढ़ावा देने के लिए मंगलवार को विशेष पहल की गई। इस दौरान आम नागरिकों एवं दुकानदारों को निशुल्क जूट के थैलों का वितरण किया गया, जिससे लोगों को प्लास्टिक के उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान समिति के सदस्यों और नगर परिषद के कर्मचारियों ने लोगों को पॉलीथिन के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पॉलीथिन पर्यावरण के लिए बेहद हानिकारक है और इसके उपयोग से न केवल प्रदूषण बढ़ता है, बल्कि यह पशुओं और मानव स्वास्थ्य के लिए भी खतरा बनता है। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को जागरूक कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक कदम उठाने के लिए प्रेरित करना है। इस मौके पर नगर परिषद के स्वच्छता निरीक्षक प्रेमलता पुरी एवं जगदीश सिराव का विशेष सहयोग रहा। उन्होंने भी आमजन से अपील की कि वे पॉलीथिन का उपयोग बंद कर कपड़े या जूट के थैलों का अधिक से अधिक उपयोग करें। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियानों को जारी रखने की बात कही। अंत में सभी ने मिलकर स्वच्छ और पॉलीथिन मुक्त हनुमानगढ़ बनाने का संकल्प लिया।
