हनुमानगढ़। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशों की पालना में नौ मई को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को जिला मुख्यालय पर डोर-स्टेप काउंसलिंग एवं विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष तनवीर चौधरी के निर्देशन में एडीआर भवन में आयोजित हुआ। शिविर के दौरान प्राधिकरण सचिव (अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश) गजेन्द्र सिंह तेनगुरिया ने डोर-स्टेप काउंसलिंग की प्रक्रिया तथा राष्ट्रीय लोक अदालत में रखे जाने वाले प्रकरणों की प्रकृति के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति से मामलों का त्वरित और सरल निस्तारण संभव है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। कार्यक्रम में न्यायालयों में लंबित प्रकरणों को चिन्हित कर पक्षकारों के बीच समझाइश कर समझौते के प्रयास भी किए गए, ताकि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा लोक अदालत में हो सके। इस मौके पर डिप्टी एलएडीसी अधिवक्ता हरीश जोशी एवं कृष्णकांत मिश्रा ने मौजूद नागरिकों को नालसा एवं रालसा की ओर से संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की गतिविधियों की जानकारी दी। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिन्होंने आमजन को सरकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
