हनुमानगढ़। पृथ्वी दिवस के मौके पर बुधवार को जंक्शन स्थित सचखंड कॉन्वेंट स्कूल में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सघन वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया। अभियान के तहत विद्यालय की प्रत्येक कक्षा के प्रत्येक छात्र को एक-एक फलों के एवं छायादार पौधे प्रदान किए गए। विद्यार्थियों ने इन पौधों को विद्यालय परिसर में स्वयं अपने हाथों से लगाया। खास बात यह रही कि पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी संबंधित विद्यार्थियों को ही सौंपी गई, ताकि उनमें प्रकृति के प्रति लगाव और जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। विद्यालय संस्थापक मलकीत सिंह मान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पृथ्वी दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं और इनके बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने बच्चों को पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में वृक्षों की भूमिका के बारे में जानकारी दी और अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और ग्लोबल वार्मिंग जैसी समस्याओं से निपटने के लिए वृक्षारोपण बेहद आवश्यक है। यदि हर व्यक्ति एक-एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण प्रदान किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उन्हें पौधों की सही देखभाल के तरीके बताए।
