हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना के निर्देशानुसार कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की ओर से ‘ऑपरेशन गरिमा’ के तहत टाउन स्थित श्री नेहरू मॉडल सेकेंडरी स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बालिकाओं को उनकी सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। इस दौरान छात्राओं को साइबर फ्रॉड से बचाव, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1090 तथा महिला हेल्पलाइन नंबर 112 के बारे में बताया गया। साथ ही राजकॉप सिटीजन एप की उपयोगिता समझाते हुए बताया गया कि किस प्रकार महिलाएं इस एप के माध्यम से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती हैं। एप के जरिए सूचना देने पर पुलिस तत्काल लोकेशन ट्रेस कर संबंधित महिला या छात्रा तक पहुंचती है। महिला कांस्टेबल सरोज कुमारी और मैना ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं और महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में जागरूकता ही सबसे बड़ा सुरक्षा कवच है, जिससे महिलाएं स्वयं की सहायता कर सकती हैं और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस से तुरंत मदद ले सकती हैं। उन्होंने बालिकाओं से अपील की कि वे सतर्क और जागरूक रहें तथा यह समझें कि पुलिस हर समय उनके साथ खड़ी है। यदि बालिकाएं स्वयं सजग रहेंगी और पुलिस अपना कर्तव्य निभाएगी, तो समाज में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है।
