वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 28 अप्रैल को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री बीएलडब्ल्यू मैदान में आयोजित होने वाले विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी संगठन पूरी ताकत के साथ जुट गया है और बूथ स्तर तक व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने की रणनीति बनाई गई है। इसी क्रम में सर्किट हाउस में भाजपा महिला मोर्चा, जिला एवं महानगर पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी तथा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने संबोधित किया। दोनों नेताओं ने सम्मेलन को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं, विशेषकर महिलाओं को अहम जिम्मेदारियां सौंपीं। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि संगठन में हर कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है और जिसे जो दायित्व मिला है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विकसित भारत का जो संकल्प लिया था, उसे साकार करने में देश की आधी आबादी यानी महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने प्रधानमंत्री के विचारों को दोहराते हुए कहा कि “जब नारी सशक्त होती है तो समाज सशक्त होता है, और जब समाज सशक्त होता है तो राष्ट्र मजबूत बनता है।” पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें सामाजिक, आर्थिक तथा राजनीतिक रूप से सशक्त करने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के उद्देश्य से बिल लाया गया था, लेकिन विपक्ष के कारण इसे पारित नहीं किया जा सका। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को लेकर महिलाओं में आक्रोश है। इसके अलावा उन्होंने तीन तलाक कानून और पिछड़ा वर्ग आयोग को वैधानिक दर्जा देने जैसे फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं, पिछड़े वर्गों और अनुसूचित जातियों के आर्थिक उन्नयन, सामाजिक न्याय और राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। वहीं प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि बूथ स्तर तक संपर्क अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक महिला मतदाता तक पहुंच बनाकर उन्हें सम्मेलन में शामिल करने का लक्ष्य रखा जाए, ताकि कार्यक्रम व्यापक और प्रभावशाली बन सके। धर्मपाल सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल प्रधानमंत्री के स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने और उनके सशक्तिकरण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि इस पूरे कार्यक्रम की जिम्मेदारी महिलाओं के कंधों पर है और यह सम्मेलन यह संदेश देगा कि महिलाएं हर जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन करने में सक्षम हैं। कार्यक्रम के दौरान भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विषय प्रस्तावना प्रस्तुत की। महिला मोर्चा की बैठक में धन्यवाद ज्ञापन महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने किया, जबकि जिला एवं महानगर पदाधिकारियों की बैठक में धन्यवाद ज्ञापन जिलाध्यक्ष एवं एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल श्रीवास्तव ने किया। भाजपा नेताओं ने उम्मीद जताई कि 28 अप्रैल को होने वाला यह महिला सम्मेलन वाराणसी में एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और यह कार्यक्रम संगठन की मजबूती के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण के संदेश को भी व्यापक स्तर पर प्रसारित करेगा।
