हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय के नजदीक स्थित ग्राम पंचायत नवां में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिशाषी अभियन्ता को ज्ञापन सौंपकर समाधान की मांग की। ज्ञापन के जरिए गांव की जल व्यवस्था को बदहाल बताते हुए कई समस्याएं उजागर की गई हैं। ग्रामीणों ने बताया कि गांव की जल भंडारण डिग्गियां लंबे समय से साफ नहीं होने के कारण दूषित हो चुकी हैं तथा इनमें दरारें आने से पानी व्यर्थ बह रहा है। डिग्गियों की तत्काल मरम्मत और सफाई की आवश्यकता बताई गई है। ज्ञापन में विभागीय कर्मचारी कुजरत अली पर भी आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वह ड्यूटी पर नियमित नहीं आता और अपने नाबालिग पुत्र को भेज देता है। साथ ही उसका व्यवहार भी ग्रामीणों के प्रति अभद्र बताया गया है तथा समय पर जल आपूर्ति नहीं की जाती। इसके अलावा पाइप लाइन लीकेज की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है, जिसे ठीक करने में कई दिन लग जाते हैं। वहीं, गांव में बनाए गए नए ट्यूबवेलों के बिजली कनेक्शन अभी तक नहीं होने से उनका लाभ भी ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है। ग्रामीणों ने मांग की कि लापरवाह कर्मचारी को हटाकर नए व्यक्ति की नियुक्ति की जाए, जल आपूर्ति का निश्चित समय तय किया जाए तथा डिग्गियों की मरम्मत और ट्यूबवेल कनेक्शन का कार्य शीघ्र पूरा कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो वे प्रदर्शन और घेराव करने को बाध्य होंगे।
