हनुमानगढ़। भीषण गर्मी के बीच जंक्शन क्षेत्र के सेक्टर नम्बर 9, वार्ड 49, गांधीनगर में अनियमित जलापूर्ति से आक्रोशित वार्डवासियों ने मंगलवार को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। इसके बाद पूर्व पार्षद गुरदीप सिंह बराड़ के नेतृत्व में सहायक अभियंता का घेराव कर समस्या के समाधान की मांग की गई। वार्डवासी प्रीतम कुमार ने बताया कि पिछले करीब डेढ़ माह से पानी की समस्या बनी हुई है, जिससे भीषण गर्मी में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों को मौखिक व लिखित रूप से अवगत करवाने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने बताया कि पाइपलाइन ब्लॉकेज के कारण पानी की सप्लाई बाधित हो रही है और विभाग की ओर से समय पर सफाई नहीं करवाई जा रही। कुछ समय के लिए ही पानी आता है, जिससे लोगों को अन्य स्थानों से पानी लाना पड़ रहा है। कई परिवारों को 800 रुपए खर्च कर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जबकि कुछ लोग कैंपर के जरिए पानी की व्यवस्था कर रहे हैं। वार्ड निवासी भारती ने बताया कि होली के बाद से ही पानी की समस्या बनी हुई है, जिससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। बोरवेल से भी पानी नहीं मिल रहा, जिससे परेशानी और बढ़ गई है। वार्डवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो पीएचईडी कार्यालय के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस मौके पर नरेश कुमार, विनोद कण्डा, बलवीर सिंह, महेश, कर्ण, प्रिंस, हनुमान सिंह, हरीश, अजय, पवन सहित कई वार्डवासी मौजूद रहे।

क्या कहते हैं अधिकारी
सहायक अभियंता दीपक गोदारा ने बताया कि अंडरपास क्षेत्र में सुबह के समय पानी की सप्लाई होती है, लेकिन मंगलवार को मौसम खराब रहने के कारण पावर कट हो गया, जिससे सप्लाई प्रभावित हुई। उन्होंने बताया कि अस्थायी रूप से दोबारा पानी की व्यवस्था की जा रही है। साथ ही एक गली में पाइपलाइन चोक होने की समस्या सामने आई है, जिसे ठीक करने के लिए टीम लगाई गई है और जल्द समाधान कर दिया जाएगा।
