हनुमानगढ़। वार्षिक निरीक्षण की औपचारिकता के बीच हनुमानगढ़ पुलिस लाइन में एक बेहद सुखद और मानवीय दृश्य देखने को मिला। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक दिनेश एमएन ने निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों के परिवारों के साथ आत्मीयता भरा समय बिताकर एक अलग मिसाल पेश की। निरीक्षण के दौरान जब एडीजी आवासीय क्वार्टरों का जायजा ले रहे थे, तब महिला पुलिस कर्मी ममता के परिजनों ने उन्हें अपने घर पर चाय के लिए आमंत्रित किया। एडीजी ने इस आग्रह को सहर्ष स्वीकार करते हुए परिवार के साथ बैठकर चाय पी और आत्मीय बातचीत की। इसी दौरान पास के क्वार्टर में रहने वाले चालक धीर सिंह के परिवार से भी उनका परिचय हुआ। एडीजी ने परिवार के सदस्यों से अभिभावक की तरह बातचीत करते हुए उनके बच्चों की शिक्षा और भविष्य के बारे में जानकारी ली। बातचीत में पता चला कि परिवार का एक बेटा विदेश में है, जबकि दूसरा निजी कंपनी में कार्यरत है। इस पर एडीजी ने वहां मौजूद बेटे से विस्तार से चर्चा की और उसका उत्साहवर्धन किया। चाय की चुस्कियों के बीच एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और जवान के परिवार के बीच हुआ यह सहज संवाद न केवल भावुक करने वाला था, बल्कि पुलिस विभाग में आपसी विश्वास, सम्मान और अपनत्व की भावना को भी मजबूत करने वाला रहा। इस तरह का मानवीय और संवेदनशील दृष्टिकोण पुलिस बल के भीतर सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार करता है, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।
