हनुमानगढ़। जिले के फेफाना थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ रास्ता रोककर अपहरण, मारपीट और हत्या के प्रयास का मामला सामने आया है। आरोपियों ने महिला को जबरन खेत में ले जाकर लोहे की रॉड से हमला किया, गला दबाया और सोने के बाले छीन लिए। फेफाना थाना पुलिस ने प्रार्थीया की रिपोर्ट पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, चावली देवी (43) पत्नी राजेराम जाट निवासी परलीका हाल 23 एनटीआर, अपने पति राजेराम के साथ थाना फेफाना पहुंची और लिखित रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया गया कि 29 अप्रैल को सुबह करीब 11.30 बजे वह अपनी ढाणी से अपने पति को फोन करने के लिए मंदिर जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में आरोपी नीलम, पूजा, रूपा, नीतू व मनोज पुत्र राजेराम, निवासी परलीका, चंद्रमोहन पुत्र विनोद कुमार, राजेंद्र पुत्र शेरसिंह बेनीवाल तथा उसका लड़का और 1-2 अन्य लोग ट्रैक्टर पर सवार होकर आए। आरोप है कि सभी आरोपी एक राय होकर हाथों में लोहे की रॉड लेकर आए और प्रार्थीया का रास्ता रोक लिया। इसके बाद जबरन उसे उठाकर अपने खेत में ले गए, जहां उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की गई। प्रार्थीया के अनुसार, आरोपी चंद्रमोहन व अन्य ने उसे जमीन पर पटक दिया और जान से मारने की नीयत से गला दबाया। इसके बाद सभी आरोपियों ने लात-घूंसे और थप्पड़ों से मारपीट की। इसी दौरान चंद्रमोहन ने लोहे की रॉड से उसके कान के ऊपर वार किया, जिससे कान के अंदर से खून बहने लगा। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके कान में पहने सोने के बाले भी निकाल लिए। शोर मचाने पर प्रार्थीया के पति मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। जाते समय आरोपी उसे और उसके पति को जान से मारने की खुली धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट व चोटों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल शिवभगवान को सौंपी गई है।
