हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित सम्यक बौद्ध विहार में चल रहे निर्माण कार्यांे को गति देने के लिए शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के मौके पर समाजसेवा की सराहनीय मिसाल देखने को मिली। डॉ. बीआर अम्बेडकर जयंती समारोह समिति 2026 के सदस्यों ने विहार में चल रहे निर्माण कार्य में सहयोग के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान करते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व निभाया। समिति सदस्यों की ओर से यह सहयोग राशि सुमेर सिंह को सुपुर्द की गई। समिति के सदस्य सुरेन्द्र प्रसाद खटीक ने बताया कि 14 अप्रैल को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती मनाई गई थी। इस मौके पर सर्व समाज की एक समिति का गठन किया गया था। उन्होंने बताया कि जयंती समारोह के बाद समिति के पास कुल राशि में से 81135 रुपए शेष बचे थे, जिसे समाजहित में उपयोग करने का निर्णय लिया गया। इसके तहत 60 प्रतिशत राशि जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा पर खर्च करने का निर्णय लिया गया। वहीं शेष 40 प्रतिशत राशि में से 20 प्रतिशत बौद्ध विहार निर्माण के लिए तथा 20 प्रतिशत गुरु रविदास घर में कुर्सियों सहित अन्य संसाधनों की व्यवस्था के लिए निर्धारित की गई। इसी क्रम में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर सम्यक बौद्ध विहार में निर्माण कार्य के लिए 15500 रुपए की सहयोग राशि भेंट की गई। इस मौके पर सुमेर सिंह ने बताया कि सम्यक बौद्ध विहार की नींव स्वामी समतानंद की ओर से रखी गई थी। प्रारंभ में एक दानदाता की ओर से 25 गुणा 50 फीट का भूखंड उपलब्ध कराया गया था, जिस पर भवन का निर्माण किया गया था, लेकिन उसकी छतें कच्ची थीं। बाद में एक अन्य दानदाता ने पक्की छत बनवाई, मगर समय के साथ देखरेख के अभाव में भवन जर्जर हो गया। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के नागरिकों ने विचार-विमर्श कर भवन का पुनर्निर्माण शुरू किया। वर्तमान में भवन को दो फीट ऊंचा उठाकर नए सिरे से निर्माण कार्य किया जा रहा है, ताकि यहां आने वाले बौद्ध भन्तों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए लगातार जनसहयोग मिल रहा है, जिससे निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
