हनुमानगढ़। बढ़ती महंगाई और रसोई गैस के दामों में लगातार हो रही वृद्धि के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी हनुमानगढ़ ने सोमवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेशाध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के निर्देश पर आयोजित इस प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय से जिला कलेक्ट्रेट तक रोष मार्च निकाला। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के पुतलों के साथ प्रतीकात्मक शव यात्रा निकालते हुए विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए महंगाई के मुद्दे पर गहरी नाराजगी जताई। कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने पुतलों का दहन कर अपना आक्रोश प्रकट किया। जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीना मुश्किल कर दिया है। घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग पर सबसे अधिक असर पड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है और आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महंगाई पर अंकुश लगाने के साथ-साथ शहर की कई स्थानीय समस्याओं के समाधान की मांग उठाई गई। इसमें विशेष रूप से राजीव चौक से अंबेडकर चौक तक चल रहे सड़क निर्माण कार्य की धीमी गति पर चिंता जताई गई। नेताओं ने कहा कि निर्माण कार्य लंबा खिंचने से व्यापारियों और आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सड़क उखाड़े जाने से क्षेत्र में धूल-मिट्टी का गुबार बना रहता है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है। बावजूद इसके न तो नियमित पानी का छिड़काव किया जा रहा है और न ही कोई वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। इसके अलावा शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक, सफाई व्यवस्था की बदहाली और शुद्ध पेयजल की कमी जैसे मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर परिषद पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इन समस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की। इस दौरान सुनील बिश्नोई ने आरोप लगाया कि ज्ञापन देने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल के साथ एडीएम का व्यवहार उचित नहीं था। उन्होंने कहा कि अधिकारियों द्वारा इस प्रकार की टिप्पणी करना गैर-जिम्मेदाराना रवैया है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं हुआ तो कांग्रेस कार्यकर्ता जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरना देने को मजबूर होंगे। प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष मनीष मक्कासर, जिला महासचिव गुरदीप चहल, इशाक खान, सोशल मीडिया प्रभारी जयराम ढुकिया, मांगीलाल स्वामी, सुखपाल सिंह, सुभाष घोटिया, गुरप्रीत सिंह मान, सुरेन्द्र खटीक, विजय टाक, रामचंद्र चौधरी, आमिर खान, बलवंत होठला, शाहरूख रोड़ावाली, खुशी अमलानी, शाहरूख कुरैशी, जयपाल गिरी, यश चिलाना, सुनील बिश्नोई, गोविन्द रैगर, शिवराज सिंह, पवन सिहमार, कमल, संदीप सैनी, बंशीलाल, सिमर संधू, जयवीर, विनोद गुरुघर, शकूर खान, सुरेन्द्र, जगदीप रंगारा, रामनिवास किरोड़ीवाल, लखविन्द्र सिंह, मनदीप, सोनू, राकेश सोनी, राजेन्द्र सोनी, आरिफ खान, विनोद कुमार मेघवाल, भूपेन्द्र सिंधू, सुनील कुमार, गुरलाल मान, अनूप चौधरी, सरपंच ललकार सिंह, गुरचरण सिंह, रामस्वरूप भाटी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
