जयपुर। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग में संगठनात्मक अनुशासन को लेकर बड़ा निर्णय लिया गया है। विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष अब्दुल खल्लाक को तत्काल प्रभाव से पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। इस संबंध में विभाग के चेयरमैन एम.डी. चोपदार ने आधिकारिक विज्ञप्ति जारी की। जारी बयान में बताया गया कि यह कार्रवाई अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय चेयरपर्सन एवं राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी की स्वीकृति से की गई है। विज्ञप्ति के अनुसार, अब्दुल खल्लाक की गतिविधियां पार्टी एवं विभाग के हितों के अनुरूप नहीं पाई गईं, जिसके चलते यह निर्णय लिया गया। चेयरमैन एम.डी. चोपदार ने स्पष्ट किया कि संगठन में अनुशासन बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की जाती है कि वे संगठनात्मक सिद्धांतों और कांग्रेस की विचारधारा के अनुरूप कार्य करें। विभाग ने यह भी बताया कि आदेश की प्रतिलिपि राष्ट्रीय चेयरमैन इमरान प्रतापगढ़ी, राजस्थान कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को भेजी गई है। गौरतलब है कि हाल ही में अब्दुल खल्लाक द्वारा सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं को लेकर की गई टिप्पणियों के बाद संगठन ने यह सख्त कदम उठाया है।
