हनुमानगढ़। युवक पर हमला कर सोने की चेन लूटने का मामला सामने आया है। जंक्शन थाना पुलिस ने दो नामजद आरोपियों सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, वार्ड नम्बर 3 आईटीआई बस्ती, जंक्शन निवासी विक्की (25) पुत्र शिवकुमार ने थाना में रिपोर्ट दी कि वह मिठाई के डिब्बे बनाने का व्यवसाय करता है। 25 अप्रैल को मोहल्ले में आयोजित एक शादी समारोह के दौरान आरोपी सन्नी सहनी उर्फ रतनेश पुत्र सीताराम सहनी और राजा सहनी पुत्र सीताराम सहनी ने नशे की हालत में उसके साथ गाली-गलौज और झगड़ा किया था। उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया था। पीड़ित के अनुसार, 4 मई की रात करीब 7.45 बजे वह अपने पड़ोसी निखिल पुत्र छबीलाल के साथ सूरतगढ़ फाटक से घर लौट रहा था। इसी दौरान आईटीआई मोड़ के पास पहले से घात लगाए बैठे सन्नी सहनी उर्फ रतनेश और राजा सहनी ने अपने 4-5 साथियों के साथ उसे रोक लिया। आरोपियों के हाथों में लोहे की पंच, लाठी और गंडासा जैसे हथियार थे। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपियों ने पहले निखिल को धक्का देकर अलग किया और फिर विक्की पर हमला कर दिया। हमले में विक्की के चेहरे और आंखों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे काफी खून बहने लगा और उसके कपड़े खून से लथपथ हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर उसे बचाया। इस दौरान आरोपी विक्की के गले से करीब आधे तोले की सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। भागते समय एक आरोपी सन्नी सहनी का मोबाइल फोन मौके पर गिर गया, जिसे पीड़ित ने पुलिस को सौंप दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में इलाज के लिए भेजा। पुलिस ने मामले में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच हेड कांस्टेबल विनोद कुमार को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
