हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय परिसर में मरीजों और उनके परिजनों को राहत देने के लिए श्री अमरनाथ सेवा समिति ने एक और जनसेवा कार्य की पहल की है। समिति अब ट्रोमा सेंटर के पास प्याऊ का निर्माण कर 500 लीटर क्षमता का वाटर कूलर स्थापित करेगी, जिससे 24 घंटे ठंडा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध रहेगा। गौरतलब है कि समिति पिछले करीब 11 वर्षांे से अस्पताल परिसर में धर्मशाला का संचालन कर रही है। इस धर्मशाला में मरीजों के साथ आने वाले परिजनों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। इसमें वर्तमान में करीब 50 लोगों के रुकने की सुविधा उपलब्ध है। समिति अध्यक्ष सूरजभान मित्तल ने बताया कि वर्ष 2018 से धर्मशाला का संचालन किया जा रहा है। इसमें 8 कमरे, 4 डोरमेट्री, किचन, स्टोर सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। भविष्य में तीसरी मंजिल पर 18 अतिरिक्त कमरों के निर्माण की योजना भी प्रस्तावित है, जिससे अधिक मरीजों के परिजनों को ठहरने की सुविधा मिल सकेगी। धर्मशाला में मरीजों के लिए सुबह-शाम दलिया और खिचड़ी की नि:शुल्क व्यवस्था की जाती है, जबकि परिजनों के लिए नाममात्र शुल्क पर भोजन उपलब्ध कराया जाता है। इसके साथ ही गद्दे, कपड़े धोने और स्नान जैसी बुनियादी सुविधाएं भी दी जा रही हैं। मित्तल ने बताया कि अस्पताल परिसर में पेयजल की कमी को देखते हुए समिति ने यह नया कदम उठाया है। अब नए 500 लीटर क्षमता वाले वाटर कूलर के लिए अलग प्याऊ भवन बनाया जा रहा है। एक दानदाता की ओर से यह वाटर कूलर भेंट किया गया है। यह व्यवस्था 24 घंटे सुचारू रूप से चलेगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी में राहत मिलेगी। जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. शंकर सोनी ने बताया कि अस्पताल में पिछले समय से पानी की समस्या को देखते हुए कई कदम उठाए गए हैं। कुछ वाटर कूलर पहले ही लगाए गए हैं और अब समिति की ओर से 500 लीटर क्षमता का वाटर कूलर उपलब्ध करवाने की सहमति दी गई है। उन्होंने कहा कि ट्रोमा सेंटर के पास बनने वाली यह प्याऊ मरीजों और उनके परिजनों के लिए बड़ी राहत साबित होगी और इसका संचालन पूरी तरह समिति की ओर से किया जाएगा।
