– कपड़े के थैले अपनाने की अपील, गंदगी फैलाने और नियम तोड़ने पर जुर्माना व चालान की चेतावनी
हनुमानगढ़। स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत केन्द्र सरकार की टीमें देशभर के नगरीय निकायों में औचक निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में हनुमानगढ़ में भी सर्वेक्षण टीम के कभी भी पहुंचने की संभावना को देखते हुए नगर परिषद ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर को स्वच्छता रैंकिंग में बेहतर स्थान दिलाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, अतिक्रमण और पर्यावरण संरक्षण जैसे बिंदुओं का विस्तृत निरीक्षण किया जाएगा। इसी को ध्यान में रखते हुए नगर परिषद की टीमें लगातार शहर का राउंड ले रही हैं और व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि वे पॉलीथिन कैरी बैग का उपयोग पूरी तरह बंद करें और इसके स्थान पर कपड़े के थैले का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि पॉलीथिन से पर्यावरण प्रदूषण बढ़ता है और यह गोमाता के लिए भी हानिकारक है, साथ ही यह हमारी संस्कृति और धार्मिक भावनाओं से भी जुड़ा विषय है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति या दुकानदार पॉलीथिन का उपयोग करते हुए पाया जाता है तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे कचरा खुले में, सड़क पर या नालियों में न डालें, बल्कि नगर परिषद के कचरा संग्रहण वाहनों या निर्धारित कचरा पात्रों में ही डालें। नगर परिषद ने भवन निर्माण सामग्री को लेकर भी सख्त रुख अपनाया है। आयुक्त ने बताया कि कई लोग निर्माण सामग्री सड़क पर रखकर यातायात बाधित कर रहे हैं, जो गलत है। निर्माण सामग्री और मलबे को केवल निर्धारित स्थान सतीपुरा बाइपास पर ही डाला जाए। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना और आवश्यक होने पर कोर्ट चालान की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि शहर में अस्थाई अतिक्रमण और अवैध होर्डिंग्स की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और शहर की छवि प्रभावित होती है। इसलिए दुकानदारों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपना सामान केवल दुकान परिसर में ही रखें और होर्डिंग्स या पोस्टर केवल नगर परिषद की स्वीकृत साइट पर ही लगाएं। नगर परिषद की ओर से बनाई गई टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। अंत में आयुक्त ने कहा कि हनुमानगढ़ शहर हम सबका है, इसलिए इसे स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है। यदि सभी सहयोग करें तो शहर स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के शीर्ष पांच शहरों में स्थान प्राप्त कर सकता है। उन्होंने स्वच्छता फीडबैक में भी सहयोग की अपील की।
