-भारत-माला एक्सप्रेस वे पर आबकारी विभाग की कार्रवाई, पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी खेप
हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त राजस्थान, उदयपुर की ओर से चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत अतिरिक्त आबकारी आयुक्त जोन बीकानेर के निर्देशों की पालना में हनुमानगढ़ आबकारी विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। उपायुक्त आबकारी निरोधक दल जोन बीकानेर एवं जिला आबकारी अधिकारी हनुमानगढ़ के निर्देशन में आबकारी निरोधक दल संगरिया की टीम की ओर से भारतमाला एक्सप्रेस वे के टोल नाका नगराना, संगरिया पर नाकाबंदी के दौरान एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान ट्रक संख्या जीजे 25 यू 4332 (14 चक्का) की तलाशी लेने पर उसमें अरण्डी के छिलकों से भरी बोरियों के नीचे गुप्त तरीके से छिपाई हुई कुल 1070 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इनमें 180 पेटी रॉयल स्टैग, 450 पेटी रॉयल चैलेंज तथा 440 पेटी ऑल सीजन ब्रांड की शराब शामिल है, जो फॉर सेल इन चण्डीगढ़ अंकित थी।

बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपए बताई गई है। मौके से आरोपी मंगलाराम (49) पुत्र धन्नाराम निवासी सरनाउ तहसील सांचौर जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह शराब पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी। आरोपी से आगे की पूछताछ जारी है। आबकारी विभाग की ओर से भारतमाला एक्सप्रेसवे पर यह लगातार 9वीं बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिले में अवैध हथकढ़ शराब के निर्माण, बिक्री तथा राज्य में अनाधिकृत रूप से आने वाली अवैध मदिरा के भंडारण एवं परिवहन की रोकथाम के लिए नियमित रूप से रेड और गश्त की जा रही है और आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई में आबकारी निरोधक दल संगरिया के प्रहराधिकारी विनोद कुमार, जमादार राजेंद्र सिंह, सिपाही इंद्राज और दयाराम शामिल रहे।
