हनुमानगढ़। जिले में जुआ-सट्टा, अवैध धंधों और वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने ऑनलाइन सट्टा खाईवाली करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 7400 रुपए की सट्टा राशि और एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सिंह मीना ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध गतिविधियों तथा संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गश्त के दौरान कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी बबलू (23) पुत्र जसकरण सिंह बाजीगर निवासी वार्ड संख्या 11, इंदिरा कॉलोनी, पक्का सहारणा हाल ढाणी 9 जेडीडब्ल्यू, पक्का सहारणा को ऑनलाइन सट्टा खाईवाली करते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ बीएनएस, आईटी एक्ट तथा आरपीजीओ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले की जांच सदर थाना प्रभारी राकेश सांखला की ओर से की जा रही है। कार्रवाई में जिला विशेष टीम सेक्टर हनुमानगढ़ की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में एएसआई शैतानाराम, कांस्टेबल श्रवण एवं जगदीश शामिल रहे।
