हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत जोड़कियां में लंबे समय से बनी हुई बिजली समस्याओं से परेशान ग्रामीणों ने जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग उठाई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो एसई कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बिजली आपूर्ति व्यवस्था लंबे समय से प्रभावित है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के कार्यांे में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर गर्मी के मौसम और बढ़ते बिजली लोड के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। ग्रामीण संदीप कुमार ने बताया कि मई माह में बिजली का लोड बढ़ने के साथ ही गांव में समस्याएं और गंभीर हो जाती हैं। गांव में लगी थ्री फेस एबी केबल जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है तथा उसमें कई स्थानों पर जॉइंट किए गए हैं। उन्होंने बताया कि कई जगहों पर करीब 10-10 फीट की दूरी पर केबल में जॉइंट लगे हुए हैं, जिससे बिजली लोड बढ़ते ही बार-बार फॉल्ट हो जाता है। उन्होंने कहा कि यह समस्या पिछले करीब तीन वर्षांे से बनी हुई है और हर बार विद्युत विभाग के अधिकारियों को अवगत करवाने के बावजूद आज तक स्थायी समाधान नहीं किया गया। ग्रामीणों को बार-बार बिजली कटौती और फॉल्ट की समस्या झेलनी पड़ रही है। संदीप कुमार ने बताया कि गांव में ट्रांसफार्मर की स्थिति भी परेशानी का कारण बनी हुई है। वोल्टेज कम-ज्यादा होने से लोगों के घरों में लगे विद्युत उपकरण खराब हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि चार दिन पहले अधिक वोल्टेज आने से गांव के कई घरों में पंखे, कूलर, फ्रिज सहित अन्य बिजली उपकरण जल गए, जिससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव में करीब 17-18 पोलों से गुजर रही जर्जर एवं टूटी हुई थ्री फेस एबी केबल को बदला जाए तथा नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि कम-अधिक वोल्टेज और बार-बार फॉल्ट की समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि विभाग ने जल्द समस्या का समाधान नहीं किया तो अधीक्षण अभियंता कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर बजरंग सिंह, विजय कुमार, भूपेन्द्र सिंह, धर्मवीर, बृजलाल, ओमप्रकाश, मनजीत सहित कई अन्य मौजूद रहे।
