– नेशनल हाईवे-54 पर लगातार हादसों को लेकर जिला कलक्टर को सौंपा ज्ञापन, समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हनुमानगढ़। नेशनल हाईवे-54 पर गोलूवाला-कुम्हारावाली ढाणी मार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भारतीय किसान संघ ने गहरा आक्रोश जताया है। संघ पदाधिकारियों ने इस मार्ग को “मौत वाली सड़क” बताते हुए जिला कलक्टर हनुमानगढ़ को ज्ञापन सौंपकर यहां तत्काल ओवरब्रिज निर्माण, स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं लागू करने की मांग की है। भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष नरेंद्र छींपा ने कहा कि जब नेशनल हाईवे-54 की डीपीआर तैयार की गई थी, तब इस स्थान पर ओवरब्रिज प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसे पक्का भादवा में स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस स्थान से प्रतिदिन हजारों लोगों की आवाजाही होती है, वहां से ओवरब्रिज हटाने का निर्णय किस आधार पर लिया गया और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन विद्यार्थी, किसान, मजदूर, व्यापारी एवं आमजन बस, बाइक, साइकिल और पैदल आवागमन करते हैं। सड़क के दोनों ओर गहरी ढलान होने से हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने कहा कि हाईवे पर अभी पूर्ण यातायात शुरू भी नहीं हुआ है, इसके बावजूद कई गंभीर हादसे हो चुके हैं और कई परिवार अपने परिजनों को खो चुके हैं। इसके बावजूद मौके पर न तो प्रभावी स्पीड कंट्रोल व्यवस्था है, न चेतावनी संकेतक लगाए गए हैं और न ही पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। किसान संघ ने प्रशासन और हाईवे प्राधिकरण पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस सड़क से गुजरने वाला हर व्यक्ति जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान स्थिति प्रशासनिक संवेदनहीनता को दर्शाती है। भारतीय किसान संघ ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो क्षेत्र के लोग बड़ा जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी। इस दौरान भारतीय किसान संघ तहसील गोलूवाला अध्यक्ष नरेंद्र छींपा, मंत्री मुकेश गोदारा, तहसील उपाध्यक्ष पृथ्वी स्वामी, तहसील सदस्य विक्की निवाद, ग्राम इकाई अध्यक्ष कृष्णलाल निवाद, बद्री प्रसाद छींपा सहित अनेक किसान मौजूद रहे।
