- श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय की पहल बनी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत
हनुमानगढ़/सूरतगढ़। शिक्षा, संस्कार और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत माहौल के बीच आयोजित “गुरु-शिष्य सम्मान समारोह 2026” विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा और उत्साह का केंद्र बन गया। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय द्वारा छात्र कल्याण क्लब स्पंदन के अंतर्गत संचालित सद्भाव क्लब के संयोजन में सूरतगढ़ बस स्टैंड के समीप स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित इस भव्य समारोह में बारहवीं कक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 2500 से अधिक मेधावी विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सम्मान किसी उपलब्धि का अंत नहीं, बल्कि सफलता की नई शुरुआत है। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही विद्यार्थियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है। समारोह की शुरुआत में श्री गुरु गोविंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर परिश्रम करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सफलता केवल अच्छे अंकों से नहीं, बल्कि अनुशासन, सकारात्मक सोच और अच्छे संस्कारों से प्राप्त होती है। साथ ही विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और जंक फूड से दूरी बनाए रखने की सलाह भी दी।

विश्वविद्यालय के प्रबंध निदेशक दिनेश कुमार जुनेजा ने संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में विश्वविद्यालय से 12 हजार से अधिक विद्यार्थी जुड़े हुए हैं, जिनमें विदेशी छात्र भी अध्ययनरत हैं। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय ने योग के क्षेत्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित किया है तथा हाल ही में अंतरराष्ट्रीय कृषि मेले का सफल आयोजन भी किया। इसके अलावा खेलों में विद्यार्थियों ने 100 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पदक अर्जित किए हैं। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित सेवानिवृत्त आईजी गिरीश चावला ने विद्यार्थियों को अनुशासन, आत्मविश्वास और निरंतर सीखने की आदत अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता पाने के लिए माता-पिता के संघर्ष और त्याग का सम्मान करना बेहद आवश्यक है।

इस अवसर पर विधायक डूंगरराम गेदर, ख्यालीराम सहू, महेंद्र सहारण, कृष्णलाल शर्मा, मनीष जोशी, गोपाल शर्मा, रामेश्वर सिसोदिया, पृथ्वी टाक, रविंद्र शेखावत, हनुमान सिंह सेन, पंकज सुथार, राधेश्याम बिश्नोई, सुरेश बिश्नोई सहित अनेक शिक्षाविद, समाजसेवी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कार्यक्रम प्रभारी सुनील बिरट, डॉ. विक्रम सिंह ओलख, सुरेंद्र अरोड़ा, डॉ. बाबूलाल पारीक, पवन स्वामी, मनीष भोभिया सहित प्राध्यापक और स्टाफ सदस्य भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन मोटिवेशनल स्पीकर अनिल जिज्ञासु एवं मदनलाल शर्मा ने किया। समारोह प्रेरणा, सम्मान और उत्साह के संदेश के साथ संपन्न हुआ।
