हनुमानगढ़। भारतीय किसान संघ की ओर से मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर गेहूं की सरकारी खरीद बढ़ाने, बारदाना उपलब्ध करवाने तथा खरीद अवधि बढ़ाने की मांग की गई। संघ के तहसील अध्यक्ष गोपीराम बेनीवाल ने बताया कि इस वर्ष जिले में गेहूं की बुवाई पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हुई, जिससे उत्पादन भी बढ़ा है। इसके बावजूद सरकार की ओर से गेहूं खरीद का लक्ष्य घटा दिया गया है। इससे बड़ी मात्रा में किसानों की उपज मंडियों और खेतों में खुले में पड़ी हुई है। वर्तमान में करीब 25 प्रतिशत गेहूं मंडियों और खेतों में पड़ा है। किसानों के पास पर्याप्त भंडारण व्यवस्था नहीं होने से गेहूं खराब होने की आशंका बनी हुई है। वहीं सरकारी खरीद नहीं होने के कारण किसानों को गेहूं समर्थन मूल्य से 300 से 400 रुपए प्रति क्विंटल कम दाम पर बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। बेनीवाल ने कहा कि पिछले दो वर्षांे से क्षेत्र की खरीफ फसल प्रभावित रही है, जिससे किसान पहले से आर्थिक संकट में हैं। अब आगामी खरीफ सीजन की बुवाई के लिए खाद, डीजल और बीज खरीदने तक के लिए किसानों के पास पर्याप्त संसाधन नहीं हैं। कई किसान 24 से 36 प्रतिशत ब्याज पर उधार लेकर खेती करने को मजबूर हैं। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हो पाया है। संघ ने मांग की कि किसानों के हित में तत्काल गेहूं खरीद लक्ष्य बढ़ाया जाए, पर्याप्त मात्रा में बारदाना उपलब्ध करवाया जाए तथा सरकारी खरीद की समय सीमा बढ़ाकर 30 जून तक की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके। इस मौके पर संघ के जिला कोषाध्यक्ष रामेश्वर सुथार, मुखराम गोदारा, महावीर प्रसाद, किशनलाल बरड़वा, अरविन्द बेनीवाल सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
