हनुमानगढ़। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच बेजुबान पक्षियों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए इनरव्हील क्लब की ओर से मंगलवार को जंक्शन स्थित श्याम सिंह कॉलोनी के पार्क में परिंडा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत क्लब सदस्याओं ने पेड़ों पर परिंडे बांधकर पक्षियों के लिए दाने-पानी की व्यवस्था की तथा आमजन को भी जीव-जंतुओं के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान क्लब सदस्यों ने कहा कि गर्मी के मौसम में पक्षियों को पानी की कमी के कारण भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, छत, पार्क और आसपास के स्थानों पर पक्षियों के लिए पानी और दाने की व्यवस्था करनी चाहिए ताकि बेजुबान जीवों को राहत मिल सके। इनरव्हील क्लब अध्यक्ष मीणा गर्ग ने कहा कि समाज सेवा के साथ प्रकृति और जीव-जंतुओं की रक्षा करना भी सभी की जिम्मेदारी है। भीषण गर्मी में पक्षियों के लिए पानी की व्यवस्था करना किसी पुण्य कार्य से कम नहीं है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने घर के बाहर एक परिंडा लगाकर उसमें नियमित रूप से पानी भरे तो हजारों पक्षियों को जीवनदान मिल सकता है। उन्होंने लोगों से पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति दया भाव रखने की अपील भी की। क्लब कोषाध्यक्ष कंचन गुप्ता ने कहा कि सेवा कार्य केवल इंसानों तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के लिए भी आगे आना जरूरी है। पक्षियों के लिए दाने-पानी की व्यवस्था मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक है और इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। इस दौरान क्लब सदस्यों ने नियमित रूप से परिंडों में पानी भरने और अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में श्वेता बब्बर, मंजुला गर्ग, सीमा गर्ग, शिखा, कंचन, अंजू जैन, सुमन चावला, मीना बंसल सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं।
