हनुमानगढ़। जंक्शन के सिविल लाइंस जी ब्लॉक क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक मकान के प्रथम मंजिल स्थित स्टोर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग की चपेट में आने से स्टोर रूम में रखा कुछ सामान जलकर राख हो गया। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। घटना की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम फायर ब्रिगेड के साथ मौके पर पहुंची और पानी की बौछारें डालकर आग बुझाई। घटना के दौरान आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई। जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, हनुमानगढ़ जंक्शन के तकनीकी सहायक हरीश ने बताया कि बुधवार दोपहर दूरभाष के जरिए सूचना मिली थी कि सिविल लाइंस जी ब्लॉक स्थित हरजिन्द्र सिंह के मकान नम्बर जी-104 में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही सबसे पहले विद्युत सप्लाई बंद करवाई गई।

मौके पर पहुंचने पर जांच में सामने आया कि सौर ऊर्जा संयंत्र के आवश्यक घटक एसीडीबी (अल्टरनेटिंग करंट डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स) और डीसीडीबी (डायरेक्ट करंट डिस्ट्रीब्यूशन बॉक्स) जल गए थे। उन्होंने बताया कि स्टोर रूम का गेट पूरी तरह बंद था और वेंटिलेशन नहीं होने के कारण अंदर अत्यधिक गर्मी हो गई, जिससे शॉर्ट सर्किट होने के बाद आग लग गई। तकनीकी सहायक हरीश ने बताया कि सोलर प्लांट में लगे एसीडीबी और डीसीबीबी सुरक्षा उपकरण होते हैं, जो बड़ी दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समय पर कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था के चलते आग को फैलने से रोक लिया गया।
