भादरा। राजस्थान शिक्षक संघ प्रगतिशील उप शाखा भादरा द्वारा शनिवार को पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, भादरा में वार्षिक शैक्षिक सम्मेलन एवं मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक नेता जगदीश प्रसाद बैरड़ ने की, जबकि क्षेत्रीय विधायक संजीव बेनीवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारम्भिक) च्यानणमल भार्गव ने सम्मेलन का उद्घाटन किया तथा प्रेम प्रकाश शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में भादरा क्षेत्र के सभी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों की वरिष्ठ माध्यमिक कक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में विधायक संजीव बेनीवाल ने शिक्षकों की समस्याओं और शिक्षा विकास से जुड़े मुद्दों को विधानसभा में मजबूती से उठाने का आश्वासन दिया। संगठन के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष बेगराज खोथ ने आरजीएचएस की कैशलेस व्यवस्था बहाल रखने, पुरानी पेंशन योजना को यथावत बनाए रखने, शिक्षकों को टैट से मुक्त रखने, पदोन्नति एवं स्थानांतरण संबंधी समस्याओं के समाधान तथा डार्क जोन में कार्यरत शिक्षकों को विशेष भत्ता देने की मांग उठाई।

मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जैनेन्द्र कुमार खन्ना ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। प्रधानाचार्य हवा सिंह टंडन ने प्रतिभा सम्मान समारोह को राजकीय विद्यालयों के लिए प्रेरणादायी पहल बताया। सम्मेलन संयोजक दिलीप बलौदा ने विद्यार्थी-केंद्रित शिक्षा, शैक्षिक उन्नयन और नशामुक्त समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डाला। द्वितीय सत्र में संगठन की नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। इसमें उम्मेद सिंह डूडी को अध्यक्ष, रोहित कुमार को मंत्री, सुमन राजेरा को महिला मंत्री, अजय कुमार बेनीवाल को संघर्ष समिति संयोजक तथा वेदप्रकाश नेहरा को कोषाध्यक्ष सहित विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का निर्वाचन किया गया। चुनाव प्रक्रिया का पर्यवेक्षण भूपसिंह साहू एवं जगदीश स्वामी ने किया, जबकि सुरेन्द्र प्रताप बेनीवाल चुनाव अधिकारी रहे। कार्यक्रम का संचालन नोरंगलाल शीला ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में शिक्षक, विद्यार्थी, अभिभावक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सफल वातावरण में सम्पन्न हुआ।
