हनुमानगढ़। टाउन पुलिस थाना की टीम ने सोमवार रात को एक मकान पर छापा मारकर 30 किलोग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद किया। कार्रवाई के दौरान मकान मालिक मौके पर नहीं मिला। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ जब्त कर मकान मालिक सहित तीन आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत नामजद मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार सोमवार रात एसआई ज्योति के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि टाउन क्षेत्र में विश्वकर्मा मंदिर के निकट दीनदयाल चौक के पास स्थित राजेश जैन पुत्र महेश जैन के मकान में डोडा पोस्त रखा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से 30 किलोग्राम डोडा पोस्त छिलका बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर लिया, लेकिन मकान मालिक राजेश जैन मौके पर नहीं मिला। प्रारंभिक जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने राजेश जैन के अलावा मुकेश पुत्र ओमप्रकाश निवासी झाम्बर तथा बजरंग पुत्र रामकुमार निवासी वाटर वर्क्स के पास, चक 9 एसएसडब्ल्यू, कोहला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच टाउन थाना प्रभारी अशोक बिश्नोई कर रहे हैं। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ-साथ बरामद डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त और नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
