– घी, बर्फी और मिक्सचर के नमूने लिए, जांच के लिए भेजे बीकानेर लैब
हनुमानगढ़। आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत बुधवार को हनुमानगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य कारोबारियों के प्रतिष्ठानों की जांच कर कुल तीन खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। कार्रवाई के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा स्वयं मौके पर उपस्थित रहे और निरीक्षण कार्यों की निगरानी की। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने बताया कि अभियान के तहत हनुमानगढ़ टाउन क्षेत्र में संचालित विभिन्न प्रतिष्ठानों पर खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा जांच की गई। इस दौरान मै. न्यू शिव डेयरी से घी, मै. न्यू गुरुनानक स्वीट्स से बर्फी तथा मै. किरण एंटरप्राइजेज से पिटारा ब्रांड के ऑल इन वन मिक्सचर का नमूना लिया गया। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार लिए गए इन नमूनों को सीलबंद कर जांच के लिए बीकानेर स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर संबंधित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं मानकों की जांच की जाएगी। यदि किसी नमूने में मिलावट अथवा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित खाद्य व्यवसायी के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रफीक मोहम्मद एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुदेश कुमार ने प्रतिष्ठानों में खाद्य पदार्थों के भंडारण, निर्माण एवं विक्रय संबंधी व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। टीम ने दुकानदारों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण दल में मलकीत सिंह, सहायक कर्मचारी हीरावल्लभ, अशोक तथा वाहन चालक गुरुशरण सिंह भी शामिल रहे। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी खाद्य व्यवसायियों को केवल शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री के निर्माण एवं विक्रय के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई बनाए रखना, खाद्य पदार्थों का उचित भंडारण करना तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करना प्रत्येक खाद्य व्यवसायी की जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। मिलावटखोरी पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की नियमित जांच एवं कार्रवाई से आमजन में शुद्ध खाद्य सामग्री के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है तथा खाद्य व्यवसायियों में भी खाद्य सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूकता बढ़ी है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिलेभर में आगामी दिनों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण जारी रखा जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें और मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
