हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित एलबीएस पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को वार्षिकोत्सव एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। स्कूल डायरेक्टर रणजीत ढिल्लों की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों के रूप में श्री गुरु गोबिंद सिंह चैरीटेबल ट्रस्ट अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मनीष मक्कासर, भारत भूषण कौशिक, मलकीत सिंह मान, गुरप्रीत सिंह, जसपाल सिंह, दलवीर सिंह ने शिरकत की।

अतिथियों की ओर से वर्षभर आयोजित खेलकूद गतिविधियों व परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। बाबूलाल जुनेजा ने अपने संबोधन में कहा कि यह बच्चे हमारा आने वाला कल है। यही आगे चलकर भारत का नेतृत्व करेंगे। लेकिन अगर यही बच्चे स्वस्थ नहीं रहेंगे तो भारत का नेतृत्व कैसे करेंगे।

अगर बच्चों को मोबाइल फोन, नशे की दुनिया से बाहर लाना है और योग्य बनाना है तो उन्हें खेलों से जोड़ना बहुत जरूरी है। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को मोबाइल फोन न पकड़ाएं। उन्हें खेलने के लिए घर से बाहर भेजें। उन्हें स्वस्थ आहार खाने के लिए प्रेरित करें। मनीष मक्कासर ने विशेषकर बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि अभिभावक बेटों की तरह बेटियों को भी उच्च शिक्षा दिलवाएं। एक दिन यही बेटी उनका नाम रोशन करेगी। उन्होंने कहा कि जिले की बेटियां खेल क्षेत्र में भी किसी से कम नहीं।

खेल की वजह से उनके गांव की करीब 60 बेटियां आज सरकारी नौकरी कर रही हैं। शिक्षा के साथ-साथ खेल क्षेत्र में भी बच्चों को आगे लाने का प्रयास करें। इससे वे नशे से भी दूर रहेंगे। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाने के लिए गांवों में खेल सुविधाओं में विस्तार करने की आवश्यकता है। प्रत्येक गांव में खेल स्टेडियम सहित अन्य संसाधन उपलब्ध हों तो हनुमानगढ़ जिला भी नशामुक्त हो सकता है। इस मौके पर संदीप कुमार, ममता, बलजीत कौर, हरप्रीत सिंह, किशोर सिंह, महेन्द्र कुमार, मनीषा, पूजा, अनुराधा, काजल, कंचन, कल्पना, दीक्षा आदि मौजूद रहे।
