हनुमानगढ़। जिला मुख्यालय पर सार्वजनिक यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए सिटी बसों का संचालन शुरू करने की मांग आम आदमी पार्टी ने उठाई है। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में बुधवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र बेनीवाल ने बताया कि जिला मुख्यालय टाउन और जंक्शन दो हिस्सों में विभाजित है, जहां जिला स्तरीय कार्यालय, न्यायालय, मेडिकल कॉलेज, जिला अस्पताल, शिक्षण संस्थान और अन्य प्रमुख सरकारी कार्यालय स्थित हैं। दोनों क्षेत्रों के बीच प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है, लेकिन सार्वजनिक परिवहन की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। पूर्व में महात्मा गांधी राजकीय जिला चिकित्सालय से कलक्ट्रेट और धानमंडी तक सिटी बसों का संचालन होता था, जो पिछले कुछ समय से बंद है। करीब 15 किलोमीटर लंबे इस क्षेत्र में सिटी बसें आमजन के लिए सबसे सस्ता और सुलभ परिवहन साधन साबित हो सकती हैं। बेनीवाल ने आरोप लगाया कि वर्तमान में सार्वजनिक परिवहन के नाम पर केवल ऑटो और ई-रिक्शा संचालित हो रहे हैं, जो 100 मीटर से लेकर 7 किलोमीटर तक की दूरी के लिए न्यूनतम 20 रुपए प्रति व्यक्ति तथा टाउन से कलक्ट्रेट तक 40 रुपए तक किराया वसूल रहे हैं। इससे आम लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। साथ ही ऑटो और ई-रिक्शा की अधिक संख्या के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि सिटी बसों के संचालन के लिए निजी बसों के साथ-साथ राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की बसों का भी उपयोग किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि देश के कई शहरों में ऐसी व्यवस्था सफलतापूर्वक संचालित हो रही है और आमजन को सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध करा रही है। पार्टी ने प्रशासन से सभी संबंधित विभागों एवं हितधारकों के साथ बैठक कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की मांग की। इस मौके पर संगठन सचिव राजवीर माली, लीलाधर, ललित स्वामी, जयपाल स्वामी, दयानंद झा, गोपाल वर्मा, सतपाल सोनी, गुलशन सोनी, छोटूराम भार्गव, बनवारी लाल, मदन लाल, मुकेश कुमार, राजकुमार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
