प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गाजीपुर एनकाउंटर मामले, कानून-व्यवस्था, केंद्र सरकार के 12 साल के कार्यकाल और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि गाजीपुर एनकाउंटर मामले में सरकार पूरी गंभीरता से जांच कराएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या दोष सामने आता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मौर्य ने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस को कई बार कठोर कदम उठाने पड़ते हैं, लेकिन किसी भी शिकायत या आरोप की निष्पक्ष जांच कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने दोहराया कि गाजीपुर एनकाउंटर मामले की जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर मौर्य ने कहा कि इस अवधि में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि जो वस्तुएं पहले विदेशों से आयात की जाती थीं, उनका निर्माण अब देश में ही हो रहा है। बेरोजगारी और महंगाई को लेकर विपक्ष के आरोपों पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सत्ता से बाहर होने के बाद कुछ राजनीतिक दल स्वयं “बेरोजगार” हो गए हैं और इसी वजह से सरकार पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। ज्योतिष पीठ के शंकराचार्य से समाजवादी पार्टी नेताओं की मुलाकात और गाय को राष्ट्रीय माता घोषित करने की मांग पर भी उपमुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा राजनीतिक लाभ के लिए ऐसे मुद्दों को उठा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा गौ संरक्षण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस विषय पर पार्टी की नीयत पर सवाल उठाना उचित नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लेकर दिए गए बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए मौर्य ने सपा सांसद डिंपल यादव की टिप्पणी को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और कार्यकर्ता अभी से चुनावी तैयारियों में जुट गए हैं।
