– कार के शीशे तोड़कर 7 हजार रुपए लेकर फरार हुए आरोपी
हनुमानगढ़। पीरकामड़िया गांव स्थित शराब ठेके की बिक्री राशि लूटने और कार में तोड़फोड़ करने के आरोप में टिब्बी थाना पुलिस ने तीन नामजद एवं एक अज्ञात युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हनुमानगढ़ सदर थाना क्षेत्र के गांव पक्कासहारणा निवासी रामप्रताप (50) पुत्र धन्नाराम ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उसका पीरकामड़िया गांव में शराब का ठेका है। 5 जून की शाम वह अपने सहयोगी रामकुमार पुत्र सुरजाराम के साथ ठेके की बिक्री राशि लेकर स्विफ्ट कार में रवाना हुआ था। कार में उस दिन की बिक्री के 7 हजार रुपए रखे हुए थे। रिपोर्ट के अनुसार रात करीब 8.30 बजे दोनों पीरकामड़िया से निकल रहे थे। इसी दौरान मोटर साइकिल पर सवार तीन युवक उनकी कार के पीछे लग गए। संदेह होने पर रामप्रताप ने शहीद भगत सिंह चौक के पास एक मकान के आगे कार रोक दी और दोनों वाहन से नीचे उतर गए। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने कार के शीशे तोड़ दिए और कार में रखे 7 हजार रुपए निकालकर फरार हो गए। घटना के समय रामकुमार ने आरोपियों को पहचान लिया। उसने बताया कि आरोपी पीरकामड़िया निवासी सूरज, जसवंत और सचिन पुत्र मदनलाल हैं, जबकि उनके साथ एक अन्य युवक भी था जिसकी पहचान नहीं हो सकी। परिवादी ने बताया कि रामकुमार का पीरकामड़िया में आना-जाना रहता है, इसलिए वह आरोपियों को पहले से पहचानता है। टिब्बी थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर सूरज, जसवंत, सचिन तथा एक अज्ञात युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक वीरेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
