हनुमानगढ़। संगरिया की पुरानी धान मंडी में सरसों की बोली को लेकर हुए विवाद के बाद एक आढ़ती और उसके पुत्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। संगरिया थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर छह नामजद आरोपियों तथा दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार वार्ड नम्बर 8, संगरिया निवासी 45 वर्षीय विक्रम सिंगला पुत्र राधेश्याम अग्रवाल ने अपने पुत्र शुभम सिंगला के साथ थाने में रिपोर्ट दी। विक्रम सिंगला ने बताया कि वह आढ़त का कारोबार करता है। 8 जून को पुरानी धान मंडी स्थित पवन ब्रदर्स की आढ़त पर सरसों की बोली चल रही थी। बोली एक फर्म के पक्ष में छोड़ दिए जाने के बाद वह अपनी मोटर साइकिल की ओर जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान संबंधित फर्म के मुनीम रविन्द्र कुमार ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर रविन्द्र ने उसे रोककर थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की तथा जमीन पर गिरा दिया। विक्रम सिंगला ने बताया कि वह हृदय रोगी है और घटना के बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए जैन अस्पताल, संगरिया में भर्ती करवाया गया, जहां से देर रात छुट्टी मिली। शिकायत के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर उसका पुत्र शुभम सिंगला दोपहर करीब पौने दो बजे संबंधित फर्म पर उलाहना देने पहुंचा। आरोप है कि वहां मुनीम रविन्द्र, फर्म मालिक अमनदीप जिंदल, नम्बरदार लालचंद, मुनीम मोहित, ड्राइवर तारी तथा दो अन्य व्यक्तियों ने मिलकर शुभम के साथ मारपीट की। आरोपियों पर गला दबाने तथा रविन्द्र की ओर से शुभम के बाएं हाथ पर दांत से काटने का भी आरोप लगाया गया है। रिपोर्ट में बताया गया कि मौके पर मौजूद रमेश कुमार पुत्र सुभाष गोस्वामी ने बीच-बचाव कर शुभम को छुड़वाया। संगरिया थाना पुलिस ने प्रथम दृष्टया मामला सही पाते हुए रविन्द्र कुमार, अमनदीप जिंदल, लालचंद, मोहित, ड्राइवर तारी तथा दो अन्य व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उपनिरीक्षक देवेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस घटना के संबंध में साक्ष्य जुटाने और आरोपों की जांच में जुटी हुई है।
