रावतसर। ग्राम पंचायत चक 4 सीवाईएम में शुक्रवार रात्रि को रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में कार्यवाहक थाना अधिकारी राजेंद्र आरपीएस एवं पुलिस थाना रावतसर के उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इस अवसर पर अधिकारियों ने क्षेत्र में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की जानकारी देते हुए ग्रामीणों से पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही उपस्थित लोगों को नशा मुक्त समाज के निर्माण और अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत चक 4 सीवाईएम के सरपंच नरेश कुमार गोदारा, भारतीय किसान संघ के तहसील अध्यक्ष प्रताप सिंह सूडा सहित अन्य गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। रात्रि चौपाल के दौरान अधिकारियों ने कहा कि समाज को नशा मुक्त बनाने में आमजन की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है तथा पुलिस और जनता के आपसी सहयोग से ही अपराध एवं नशे पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
