– पूर्व मंत्री बोले-मोदी सरकार के 12 वर्षां में देश ने देखी अभूतपूर्व प्रगति
हनुमानगढ़। पूर्व मंत्री एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र पाल सिंह टीटी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षांे में देश में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए हैं। भाजपा सरकार के कार्यकाल में जितना विकास और परिवर्तन देखने को मिला है, यदि उसका आधा काम भी आजादी के बाद के 70-75 वर्षांे में हुआ होता तो भारत कहीं अधिक आगे होता। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान विकास कार्यांे की गति अभूतपूर्व रही है। शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए टीटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कार्यकाल 12 वर्ष से अधिक का हो चुका है और उन्होंने सभी वर्गांे के हितों को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण एवं राष्ट्रहित के फैसले लिए हैं। उनके नेतृत्व में देश की सीमाएं मजबूत हुई हैं, आर्थिक विकास को गति मिली है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि किसी भी देश की प्रगति उसकी मजबूत अर्थव्यवस्था पर निर्भर करती है। वर्ष 2014 में भारत विश्व की 11वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था था, जो आज चौथे स्थान पर पहुंच चुका है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2027 तक भारत को तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना है। टीटी ने नोटबंदी को ऐतिहासिक निर्णय बताते हुए कहा कि इससे काले धन पर अंकुश लगा और नक्सलवाद व उग्रवाद जैसी गतिविधियों पर भी प्रभावी नियंत्रण हुआ। वहीं, जीएसटी लागू होने से कर संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है और वर्तमान में प्रतिमाह लगभग 2.64 लाख करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि देश में आधारभूत ढांचे का तेजी से विकास हुआ है। सड़कों और परिवहन व्यवस्था को अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुरूप विकसित किया गया है। किसानों के हित में भी अनेक योजनाएं शुरू की गई हैं। किसान सम्मान निधि योजना के तहत करोड़ों किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है तथा फसल बीमा योजना के माध्यम से उनकी फसलों को सुरक्षा कवच प्रदान किया गया है। टीटी ने बताया कि किसानों की मांग पर राज्य सरकार ने हनुमानगढ़-श्रीगंगानगर जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर गेहूं खरीद की समय सीमा और लक्ष्य में दो बार बढ़ोतरी की है, जिसके चलते हनुमानगढ़ जिले में इस वर्ष खरीद का लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में अधिक हो गया है।
पंजाब सरकार गंदे पानी की समस्या को लेकर गंभीर नहीं : टीटी
पंजाब की नहरों से राजस्थान में आ रहे प्रदूषित पानी के मुद्दे पर टीटी ने कहा कि समस्या के समाधान के लिए राजस्थान सरकार की ओर से पंजाब सरकार को धनराशि भी उपलब्ध करवाई जा चुकी है, ताकि नहरों में दूषित पानी छोड़ने वाली फैक्ट्रियों में ट्रीटमेंट प्लांट लगाए जा सकें। इसके बावजूद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार इस विषय को गंभीरता से नहीं ले रही है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में भाजपा की सरकार बनने पर इस समस्या का प्राथमिकता के आधार पर स्थायी समाधान किया जाएगा। प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद डेलू, भाजपा नेता अमित सहू, डॉ. भारतभूषण शर्मा, प्रदीप ऐरी, देवेन्द्र अग्रवाल, जुगल किशोर गौड़, जिला मीडिया प्रभारी कृष्ण तायल, ओम सोनी भी मौजूद रहे।
