हनुमानगढ़। खरीफ एवं रबी वर्ष 2025-26 की फसल गिरदावरी में कार्यरत सर्वेयरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। सर्वेयरों ने लंबित भुगतान, सुरक्षा सुविधाएं, बीमा, पहचान पत्र और मानदेय वृद्धि सहित कई मांगों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। सर्वेयर अमनदीप सिंह के अनुसार राजस्व विभाग की ओर से नियुक्त सर्वेयरों ने संबंधित पटवारियों के निर्देशन में किसानों के खेतों में जाकर निर्धारित समयावधि में गिरदावरी कार्य पूर्ण किया तथा समस्त विवरण समय पर विभाग को उपलब्ध करवाया। इस दौरान उन्हें खेतों में जहरीले जीव-जंतुओं, खतरनाक कुत्तों, करंट युक्त तारों और अन्य जोखिमपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा, बावजूद इसके उन्होंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने दायित्वों का निर्वहन किया। सर्वेयरों ने मांग की कि गिरदावरी कार्य का लंबित भुगतान शीघ्र जारी किया जाए तथा सभी सर्वेयरों को विभागीय पहचान पत्र उपलब्ध करवाए जाएं, ताकि कार्य के दौरान उनकी पहचान सुनिश्चित हो सके और किसानों के बीच किसी प्रकार की गलतफहमी न हो। ज्ञापन में सभी सर्वेयरों का दुर्घटना एवं जीवन बीमा करवाने, गिरदावरी के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसानों और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने तथा खतरनाक कुत्तों एवं करंट युक्त तारों से सुरक्षा के विशेष प्रबंध करने की भी मांग की गई है। इसके अलावा अनुभवी सर्वेयरों को प्राथमिकता देने, अनावश्यक रूप से नए सर्वेयरों की नियुक्ति पर रोक लगाने, वाटरप्रूफ जूते, मास्क, दस्ताने सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने और बढ़ती महंगाई को देखते हुए प्रति खसरा निर्धारित मानदेय में उचित वृद्धि करने की मांग भी रखी गई। सर्वेयरों ने सभी को अनुभव प्रमाण-पत्र जारी करने तथा उनके हितों को ध्यान में रखते हुए स्थायी नियुक्ति एवं मासिक वेतन व्यवस्था पर विचार करने की भी मांग की। सर्वेयरों ने जिला प्रशासन से उनकी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में बेहतर ढंग से अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें। इस मौके पर अजय कुमार, राजेन्द्र कुमार, लखवीर सिंह, अमृत सिंह, फकीरचन्द, प्रीतम, अमरसिंह, गुरप्यार सिंह, संजीव कुमार, हरीश, गुरदीप सिंह सहित कई सर्वेयर मौजूद रहे।
